‘आतंकवाद के आगे कभी नहीं झुकेगा भारत’, पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी पर बोले पीएम मोदी
April 23, 2026 राष्ट्रीय
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी पर बुधवार को कहा कि भारत आतंकवाद के किसी भी रूप के आगे कभी नहीं झुकेगा और आतंकियों के नापाक मंसूबे कभी सफल नहीं होंगे।
बता दें कि पाकिस्तान आधारित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने पिछले वर्ष 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हमला किया था, जिसमें 26 निर्दोष पर्यटक मारे गए थे।
प्रधानमंत्री ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘पिछले वर्ष इसी दिन हुए भीषण पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि। उन्हें कभी भुलाया नहीं जाएगा।’
उन्होंने कहा, ‘एक राष्ट्र के रूप में हम शोक और संकल्प में एकजुट हैं। भारत आतंकवाद के किसी भी रूप के आगे कभी नहीं झुकेगा। आतंकियों के नापाक इरादे कभी सफल नहीं होंगे।’
जबकि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एक्स पर पोस्ट में कहा, ‘उस जघन्य कृत्य में निर्दोष लोगों की दुखद मौत हमारी सामूहिक स्मृति में अंकित है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं। पूरा देश उनके साथ खड़ा है। आतंक के ऐसे कृत्य शांति और एकता के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता को रोक नहीं सकते।’
आतंकवाद को कतई बर्दाश्त नहीं करेगा देश: अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों को याद किया और कहा कि भारत आतंकवाद और उसे पनाह देने वालों को कतई बर्दाश्त नहीं करने की अपनी नीति को जारी रखेगा।
उन्होंने एक्स पर एक संदेश में कहा कि अपने लोगों को खोने का दुख और पीड़ा आज भी हर भारतीय के दिल में कायम है। आतंकवाद मानवता का सबसे बड़ा दुश्मन है, जिसके खिलाफ हमें एकजुट होकर लड़ना और उसे हराना होगा।